Showing posts with label kahani. Show all posts
Showing posts with label kahani. Show all posts

Friday, December 04, 2009

तरक्की की कीमत..

बचपन के दिन कैसे फुदक के उड़ जाते हैं ,स्कूल की शिक्षा खत्म हुई और आँखो में बड़े बड़े सपने खिलने लगते हैं जैसे ही उमंगें जवान होती है कुछ करने का जोश और आगे ऊँचे बढ़ने का सपना आंखो में सजने लगता है !ठीक ऐसा ही शिवानी की आँखो में था एक सपना कुछ बनने का , कुछ पाने का जिन्दगी के सब खूबसूरत रंगो को जीने का! वह मेघावी थी और सब गुण भी थे उस में , पर वह एक बहुत छोटे से शहर की लड़की थी !अपने सपनो को पूरा करने के लिए उसको शहर जाना पड़ता और घर की हालत ऐसी थी नही की वह आगे पढने जा पाती ..पिता का साया बचपन में ही उठ गया था ,घर में सिर्फ़ माँ थी ...वैसे माँ भी उसके सपनो को पूरा होते देखना चाहती थी पर एक तो पैसे की कमी दूसरा लड़की जात कैसे बाहर जाने दे! ,शिवानी माँ को भरोसा दिलाती कि उस पर विश्वास रखे वह उनको जरुर कुछ बन के दिखायेगी .! बस अब उसको इंतज़ार था अपने रिजल्ट का जिसके अच्छा आने पर उसको स्कालरशिप मिल सकती थी .. और वह अपने सब सपनो को अपनी माँ के सपनो को पूरा कर सकती थी ! और आखिर रिजल्ट आ गया .वह जो उम्मीद कर रही थी वही हुआ ,वह न केवल फर्स्ट क्लास से पास हुई बल्कि उसको स्कालरशिप भी मिल गया था ..अब उसके सपनो को पंख मिल गए और उसने सोच लिया कि वह आगे पढने शहर जायेगी !


अपने सपनो के साथ बड़े शहर मुंबई आ गयी, यहाँ की तेज़ रफ़्तार ज़िंदगी और महंगाई के साथ उस यहाँ रहना बहुत मुश्किल सा लगाने लगा ! इसी शहर में उसके एक दूर की आंटी रहती थी जो शहर की मानी हुई डाक्टर थी ...बहुत मुश्किल से उसको कॉलेज के होस्टल में ही रहने की जगह मिल गयी तो उसने कुछ राहत की साँस ली ...सोचा की चलो पढ़ाई के साथ रहने का बदोबस्त हो गया है अब कोई पार्ट टाइम काम करके अपना ख़र्चा ख़ुद ही निकल लूंगी और अपनी माँ को ज्यादा तकलीफ़ नही दूँगी ....उसकी साथ कमरे में रहने वाली लड़की बड़े शहर से थी और बहुत अमीर परिवार से थी ..ख़ूब शान शौकत से रहती ..पैसे उड़ाना उसका शौक भी था और जनून भी ..रोज़ नये कपड़े मेकअप और ऊपर से सिगरेट और नशे की भी आदत ...शिवानी देख के डरी डरी सी रहती ...पर क्या करती ,रहना तो था ही ना .. !

बला की सुंदर और खूबसूरत शिवानी को जो देखता वो देखता रहा जाता ,हँसती तो गालो के गड्ढे जैसे अपनी और बुलाते थे ,...कालेज के कई लड़के उसको बस देखते ही रह जाते पर एक समान्य सा दिखने वाला लड़का रोहित तो जैसे उस पर अपनी जान देता था !..शिवानी शुरू शुरू में अपनी आंटी के घर चली जाती ..और उनसे कहती की कोई काम साथ साथ मिल जाए तो उसकी पैसों की परेशानी कम हो जाएगी!

परिस्थितियाँ या तो इंसान को बहुत ताक़तवर बना देती हैं या बहुत कमज़ोर! कुछ ऐसा ही शिवानी के साथ हुआ पहले उसके साथ उसके कमरे में रहने वाली लड़की सीमा उसके साथ बहुत प्यार से पेश आई फिर उसने उसका मज़ाक बनाना शुरू कर दिया ,कभी उसके कपड़ों का कभी उसके रहने के ढंग का कि वो यहाँ आ कर भी के कस्बे की लड़की ही बना रहना चाहती है ,,धीरे धीरे शिवानी भी उसके रंग में रंगने लगी , पर उस के पैसे कहाँ से आए... कोई नौकरी अभी मिल नही रही थी ,पहले सीमा के साथ सिगरेट फिर नशा और फिर गए देर रात तक पार्टी ..और उसके बाद सिर्फ़ अंधेरा था जहाँ वो लगातार गिरती चली गयी .. धीरे धीरे उसको वो जीने का ढंग रास आने लगा !
अब वो भी नये महंगे कपड़ों में घूमती ..महंगी कारो में घूमना उसका शौक बन गया .होस्टल उसको बंदिश लगने लगा तो उसने एक नया घर किराए पर ले लिया !रोहित यह सब देख के उसको समझाने की कोशिश करता ..कभी कभी उसकी अन्तरात्मा भी उसको कचोटती पर वो ख़ुद को यह कह कर चुप करा देती कि जीने के लिए सब जायज़ है.. क्या हुआ जो दो घंटे किसी के साथ गुज़ार लिए हँस बोल लिया , ज़िंदगी तो अब जीने लायक लगने लगी है ,उसके सारे सपने हवा में उड़ गये जो वो अपनी आँखो में बसा के आई थी ..रोहित उसको वापस बुला बुला के थक गया पर उसने पीछे मुड़ के उसकी तरफ़ देखा भी नही ....बस एक ही नशा की पैसा कमाना है किसी भी तरीक़े से और सुख से जीना है !

उधर उसकी आंटी भी हैरान परेशान थी की जो लड़की हर सप्ताह के अंत में उस से मिलने को उतावाली रहती थी अब वो महीनो-महीनो अपनी शक्ल नही दिखाती हैं उन्होने जब उसके बारे में सब पता लगाया तो उनके पैरों के नीचे से जैसे ज़मीन सरक गयी ..बहुत समझाने की कोशिश की ...यह भी कहा कि वो उसके घर में ख़बर कर देंगी पर शिवानी जैसे कुछ सुनने की तैयार ही नही थी !
हार कर उसकी आंटी ने उसकी माँ को फ़ोन पर सब बात बता दी कि मेरे समझाने से वह कुछ नही समझ रही है शायद आपका डर और कुछ शर्म उसको वापस राह पर ले आए ! शिवानी की माँ सुन कर जैसे सुन्न सी हो गई एक अकेली विधवा औरत जिसका बुढापा शिवानी के सहारे गुजरना था आज यह सब सुनते ही शिवानी के साथ सजाये सब सपनों के साथ सब मिटटी में मिल गया ...

कहते हैं विनाश काले विपरीत बुद्धि अब कौन समझाए उस को जो ख़ुद ही ना समझना चाहे सो थक हार के उसकी माँ आंसू बहा के रह गई और उसकी आंटी ने उसको उसके हाल पर छोड़ दिया !


वक़्त का पहिया चलता रहा ...एक दिन आंटी अपने क्लीनिक से घर जा रही थी कि सड़क के एक और उन्हें शिवानी दिखी उसके साथ उसका दोस्त रोहित था ..शिवानी की हालत बहुत बुरी हो रही थी .. सुंदर शिवानी के गाल पिचक चुके थे बाल उलझे हुए कंघी मांग रहे थे और गोरा खिला हुआ रंग काला पड़ चुका था .कमज़ोर इतनी थी कि बोला भी नही जा रहा था .हर चीज की अति बुरी होती है और शिवानी कि हालत उसकी बर्बादी की कहानी सुना रहे थे !
आंटी उसकी यह हालत देख के घबरा गयी और पूछने लगी कि हुआ क्या है ??.. शिवानी अब क्या बोलती ..तब रोहित ने आंटी को बताया कि वो जिस रास्ते पर चल पड़ी थी वहाँ जाने के लिए कितनी बार मना किया पर शायद उस वक़्त यह मेरी बात नही समझ पाई मुझे तो इसका पता अपने एक दोस्त से चला मैं इसको डाक्टर के पास चेकअप के लिए ले के गया था ..इसको एड्स हो गया है और अब वह आखरी स्टेज पर है! यह सुन कर आंटी जैसे स्तब्ध रह गयीं! रोहित ने उसकी रिपोर्ट्स की फाइल आंटी को दिखा दी ..जिसके पन्ने बर्बादी की दास्तान सुना रहे थे ..उन्होंने उसको अपने नर्सिंग होम में एडमिट होने को कहा .वह उसकी सब रिपोर्ट्स देख चुकी थी, कही कोई उम्मीद की किरण नज़र नही आ रही थी !.शिवानी अपनी आंटी से नज़रें नही मिला पा रही थी ,उसने रोहित को कहा कि वह वहाँ से जाए वह अपने आप घर चली जायेगी उसको आंटी से कुछ बात करनी है !रोहित उसको वहाँ छोड़ के चला गया ! उसका दर्द उसके चेहरे से छलक रहा था ,और वो जैसे हर पल अपने इस किए से मुक्ति पाना चाहती थी .पर उसके लिए वह हिम्मत नही संजो पा रही थी .उसने अपनी आंटी से कहा कि मुझे प्लीज नींद की गोलियां दे दो ..मैं जीना नही चाहती ख़ुद मरने का साहस मुझ में है नही और मैं तिल तिल के नही मारना चाहती!

आंटी ने यह सुनते ही उसको डांट लगाई कि बेवकूफी की बातें न करे ..वो उसकी आखरी साँस तक उसको बचाने कि कोशिश करेंगी!जो होना था वो हो गया अब हिम्मत से काम ले ! उन्होंने उसको कुछ खिला के दवा दे दी और सोने के लिए कहा ..अपने कमरे में आ कर आंटी सोचने लगी . कि हमारी यह आने वाली पीढी किस दिशा की और चल -पड़ी है ..इनका अंत इतना भयानक क्यों है ? क्यों आज पैसों कि भूख शोहरत की भूख इतनी बढ़ गई है कि हम अपना सब कुछ गंवाने को तैयार हो गए हैं ...ऐसे कई सवाल शायद जिसका जवाब वक़्त के पास भी नही है ......और कहाँ अब उसकी माँ को तलाश करे जो दुनिया के तानों से घबरा कर न जाने कहाँ गुम हो गई थी !!
उधर शिवानी कि आंखो में नींद कहाँ ? उसका रोम रोम उसको दर्द के साथ साथ गुनाह का एहसास करवा रहा था ,थोडी रात और बीतने पर वह चुपके से नर्सिंग होम से निकल कर वापस अपने घर आ गई रात धीरे धीरे ढल गई !सुबह आते ही आंटी ने जब देखा कि वो कमरे में नही हैं तो रोहित को फ़ोन किया ॥सिर्फ़ रोहित ही उसके नए घर का पता जानता था ,रोहित सुनते ही शिवानी के घर भागा ,और जब वहाँ पहुँचा तो शिवानी अब अपने हर दर्द से छुटकारा पा चुकी थी और घर में फैला सन्नाटा किसी गहरे दर्द में डूब चुका था !!

रंजना (रंजू भाटिया )

Friday, May 01, 2009

मम्मी के सपने ..

उफ्फ्फ्फ़ !!!"पापा जी इसको इस वक्त यह राजकुमारी की कहानी मत सुनाओ !! इसके दिमाग में फ़िर यही घूमता रहेगा ,इतनी मुश्किल से अभी इसको परीक्षा के लिए याद करवाया है ..आप यह पेपर लो इस में इसके जी .के कुछ सवाल हैं खेलते खेलते इसको वही रिवीजन करवाओ !! ""पेपर अपने ससुर को दे कर वह सनी को थपथपा के वहाँ से जाने लगी तो सन्नी बोला "मम्मा प्लीज़ सुनाने दो न कहानी ...बस थोडी सी सुन के फ़िर रिवीजन कर लूँगा ..""

हाँ ..हाँ बहू इतना बच्चे के पीछे नही पड़ते ..अभी तो पढ़ कर उठा है .थोडी देर इसके दिमाग को फ्रेश होने दो .फ़िर इसको जी .के भी पढ़ा दूंगा!

"नही नही "पापा जी आप इसको यही करवाए बस ..यह अभी नही समझेगा तो इसका भविष्य बेकार है बिल्कुल .वह सामने वाले राधा जी की बेटी को देखिये उसके हाथ से तो किताब छूटती नही और एक यह है कि कह कह के इसको पढाना पढता है!

मैंने नेट चालू किया है वहाँ से से भी देखूं कोई नई जानकारी मिलती है तो प्रिंट आउट ले लेती हूँ उसके ...यह कह कर वह सन्नी को घूरती हुई वहाँ से चली गई ..!!

और सन्नी बेचारा फ़िर से जी. के प्रश्न सुनाने में लग गया ...अलका के ससुर माथा पकड के बैठ गए और सोचने लगे कि यह बहू भी हद कर देती है ...पूरा घर लगा है सन्नी को पढाने में अभी छठी कक्षा का ही तो छात्र है पर जब देखो "किताब -किताब और पढ़ाई " ...अरे भाई बच्चो का चहुँमुखी विकास होना चाहिए ...पर कौन समझाए इनको ..!!

उधर सन्नी दादा जी को सोच में डूबा देख वहाँ से भाग के खेल में लग गया ..उसका बस चलता तो वह सारा दिन उड़ती चिडिया के संग उड़ता रहता .पर मम्मी से तो कोई भी पंगा नही लेता ..पापा ही है जो कभी कभी मम्मी को कहते हैं कि इतना पीछे मत पढ़ा करो यूं ..यूं भी भला कहीं पढ़ाई होती है ...पर न जी ..मम्मी कब सुनने वाली हैं ..उनके सपने तो आसमान को छूते हैं !!!

सन्नीईईईई !!!!!!!तू फ़िर खेल में लग गया ..हे भगवान! मैं क्या करूँ इस लड़के का ..?? इधर आ ....देख मैंने तेरे सारे नोट बना दिए हैं जी. के कम्पीटिशन की बहुत सी जानकारी आज मुझे नेट से मिल गई है, मैंने सब एक जगह कर दी है ..बस अब तू ध्यान से इसको पढ़ ..."

और उधर सन्नी बेचारा हैरान परेशान उन नोट्स को देख रहा था कि इनको कैसे दिमाग में घुसाए ? यह मम्मी तो मुझे न जाने क्या बनाना चाहती है ...उसको नोट्स एक बहुत भयंकर राक्षस से दिख रहे थे ....जो उसको चारों तरफ़ से घेरे हुए न जाने किसी दूसरी ही दुनिया के नज़र आ रहे थे .पर उसको इनो याद करना ही होगा नहीं तो
आफत आ जायेगी ..और वह उनको रटने की कोशिश में फ़िर से जुट गया !

इधर अलका सोच रही थी कि अभी तक तो उसका बेटा बिल्कुल उसके कहे अनुसार चल रहा है वह ख़ुद पढाती है ,उसका सारा काम नियम से करवाती है . समय से पोष्टिक खाना ,उठाना सब समय से हो रहा है ..अभी यह समय है उसको इसी सांचे में ढालने का ...आज कल तो १००% मार्क्स आने चाहिए हर चीज में .तभी आगे बढ़ा जा सकता है ..और मेरा सन्नी किसी से कम नही रहेगा ...!!इसको मैंने पहले स्कूल लेवल पर फ़िर नेशनल लेवल पर और फ़िर इंटरनेशनल लेवल पर लाना है और वह ख्यालो में ही सन्नी को उन ऊँचाइयों को छूते देख रही थी जहाँ वह देखना चाहती थी !!

परीक्षा के मारे घर भर में जैसे आफत थी ..हर कोई सन्नी को ज्ञान बंटता रहता और वह बेचारा सन्नी सोचता कि यदि वह फर्स्ट नही आया तो न जाने क्या होगा उसका ..और उसकी मम्मी के सपनो का ..यही सोचते सोचते उसकी हालत ख़राब होती जा रही रही थी ..न भूख लग रही थी और सोना तो वह जैसे भूल ही चुका था ,दिमाग की नसे ऐसे की जैसे अभी बाहर आ जायेगी..

परीक्षा में दो दिन थे बस अब ..शाम को पापा आए तो उन्हें रोज़ की तरह सन्नी उछलता कूदता नज़र नही आया ..उसके दादा जी भी कुछ चिंतित से दिखे ..कुछ भांप कर उन्होंने अलका को आवाज़ लगाई कि आज यह शान्ति कैसे हैं और सन्नी कहाँ है ?

"अपने कमरे में है " परसों से उसके पेपर शुरू हैं न ,तो कुछ नर्वस सा है ..अलका बोली

अरे ..नही बहू मुझे तो दोपहर से उसका बदन गर्म लग रहा है ..दादा जी चिंतित हो कर बोले

नही ..नही पापा जी आपको वहम है ..वह बस कुछ नर्वस है ..आप उसको अब बुखार है कह के सिर पर मत चढाओ !!

अरे मुझे देखने दो ..पापा यह कहते हुए सन्नी के कमरे में आ गए ..सन्नी को हाथ लगाया तो वाकई में उसको तेज बुखार था
तुम भी न बच्चे के पीछे हाथ धो के पड़ जाती हो ..कर लेगा पढ़ाई भी ..और जल्दी से डॉ को फ़ोन लगाया ..उधर सन्नी बुखार में बडबड़ा रहा था कि क्या वह फर्स्ट अब आ पायेगा ..विज्ञान कोई ऐसा चमत्कार नही कर सकता क्या ????????

रंजना ( रंजू ) भाटिया ...कहानी लेखन विधा में आज पेश है यह दूसरी पूर्व प्रकाशित लघु कहानी

Monday, April 20, 2009

भला सिपाहिया डोगरिया

6 दिसम्बर की शाम रेडियो पर ख़बर सुनाई जा रही थी कि कट्टर पंथियों ने बाबरी मस्जिद तोड़ दी सारे देश में दंगा फैल गया है, हज़ारों लोग मारे गये हैं, राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गयी है। सब तरफ़ दुख ओर दर्द की लहर है, सारा माहौल सहमा हुआ सुनसान हो जाता है और एक चुप सी छा जाती है



दूर बार्डर पर लड़ते सैनिक सिपाहियों के शिविर में भी जहाँ हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब कंधे से कंधा मिला कर देश की रक्षा के लिए मोर्चा संभाले खड़े हैं, यहाँ कोई बाबरी, अयोध्या का झगड़ा नही, सिर्फ़ अपने देश के लिए मर मिटने को तैयार हैं। बस..सोच में डूबे हैं वो सब भी कि हम सब क्यों और किसके लिए लड़ रहे हैं? आख़िर यहाँ हमने अपने जान को दाँव पर लगा रखा है, वहाँ हमारे परिवार वाले भी एक लड़ाई लड़ रहे हैं। यहाँ सर्दी गर्मी, बरसात, धूप की प्रवाह किए बिना यह युद्ध सबको दिख तो रहा है.. पर देश के अंदर यह कौन सा अघोषित युद्ध लड़ा जा रहा है ,जिसका कोई नियम नही है।

राजेश भी उन्ही सिपाहियों में देश की रक्षा के लिए वहाँ बार्डर पर तैनात देश का सिपाही था। वो जिस बार्डर पर था ,वहाँ बर्फ़ और ठंड से साँस लेना तक मुश्किल था। उसने जब से यह बाबरी अयोध्या की खबर सुन थी उसका दिल कांप रहा था ....उसका घर संसार भी उसी जगह था .....जहाँ से यह सब ख़बरे आ रही थी। वो बहुत देर से अपनी पत्नी और बच्चे से बात करना चाहता था पर फोन लग नही रहा था और कई दिन से कोई ख़त भी नही आया था। दूर बर्फ़ीली पहाड़ी पर बनी यह पोस्ट बहुत सुनसान थी, सिर्फ़ कभी -कभी अचानक होने वाली गोलो की आवाज़ बता देती थी कि यहाँ भी कोई जीवन है ,चाहे वो सिर्फ़ नाम का है। शुरू शुरू में यहाँ की प्राकतिक सुन्दरता दिल को लुभाती है पर फिर वो सुनसान जगह इंसान को पागल करने लगती है ॥
राजेश अपने बेस कैंप के बाहर अपनी ड्यूटी पर था पर आज उसका ध्यान बार बार अपने घर की तरफ़ जा रहा था ... कानो में डोगरी गाने के बोल गूँज रहे थे.... "भला सिपाहिया डोगरिया दुइ दिन छुट्टी आ जा की तेरे बिना बडा मंदा लगदा ..."।इसका अर्थ उस को उसकी पत्नी का संदेश देता लग रहा था कि दो दिन की छुट्टी ले कर मुझसे मिलने आ जाओ ,तुम बिन बहुत उदास सा लगता है सब, पर दिल में उसकी तस्वीर और कोई संदेश आने के इंतज़ार के सिवा वो कर भी क्या सकता था। भावी मिलन की आस लिए वो अपने परिचय पत्र के साथ रखी अपनी पत्नी, बच्चे की फोटो को देख लेता और सोच में डूब जाता।
तभी उसके साथी ने आ कर कहा कि उसके लिए फोन है, लाइन बहुत जल्दी कट हो रही है, इसलिए जल्दी से आ कर सुन ले। वो भागा उसका दिल किसी अनहोनी आशंका से डरा हुआ था और फोन पर जो उसने सुना वो उसके होश उड़ा देने के लिए काफी था ।वो यहाँ देश की अपनी मातरभूमि के लिए सब कुछ भूला कर अपनी ड्यूटी कर रहा था और उधर देश के अंदर उसका सब कुछ एक जनून की भेंट चढ़ चुका था ....उसकी बीबी की इज़्ज़त, जान और उसके बेटे की साँसे यह अंधे धर्म का जनून ले गया था.. आँखो में आँसू के साथ धुंधली होती बीबी की तस्वीर.. मन को मोहती बच्चे की मुस्कान और कानो में गूँजता गीत.. भला सिपाहिया डोगरीया दो दिन छुट्टी आ जा की तेरे बिना मंदा लगदा ...उसको जैसे दूर कही गहरी वादी से आता लग रही था। दिल में एक सन्नाटा सा छा गया था.. गोलियों की रह रह कर आती आवाज़ अभी भी यह बता रही थी कि जीवन अभी बाकी है और यह यूँ ही चलता रहेगा....


यह मेरी कहानी विधा की कोशिश में पहली लघु कहानी थी जो बहुत पहले पब्लिश हो चुकी है .. । जो कुछ भी हमारे आस-पास घटता है वो कहीं दिमाग़ के किसी कोने में संचित होता रहता है। नया ना लगे शायद आपको मेरी इस कहानी में। इस में कई परिवेश आपको शायद जाने पहचाने लगे क्यूँकि मेरी अधिकतर कहानियाँ आस-पास के माहौल से हैं जो रोज़ाना हम देखते हैं, सुनते हैं, वही चरित्र - कहानी के रूप में आपके सामने है ..इस कहानी का शीर्षक "भला सिपाहिया डोगरिया "एक बहुत मशहूर डोगरी गाने की पंक्तियाँ हैं ... काफ़ी वक्त जम्मू आर्मी माहोल में गुजारा है ,यह पंक्तियाँ आज भी दिल दिमाग में गूंजती रहती है ..
रंजना [रंजू ]भाटिया
२० अगस्त २००७