Showing posts with label नन्ही कली. Show all posts
Showing posts with label नन्ही कली. Show all posts

Saturday, March 08, 2008

डायरी के पुराने पन्नों से महिला दिवस की कुछ पंक्तियाँ




नन्हा फूल मुरझाया

गर्भ गुहा के भीतर एक ज़िंदगी मुस्कराई ,
नन्हे नन्हे हाथ पांव पसारे..........
और नन्हे होठों से फिर मुस्कराई ,
सोचने लगी की मैं बाहर कब आऊँगी ,
जिसके अंदर मैं रहती हूँ, उसको कब"माँ " कह कर बुलाऊँगी ,
कुछ बड़ी होकर उसके सुख -दुख की साथी बन जाऊँगी..
कभी "पिता" के कंधो पर झुमूंगी
कभी "दादा" की बाहों में झूल जाऊँगी
अपनी नन्ही नन्ही बातो से सबका मन बहलाऊँगी .......

नानी मुझसे कहानी कहेगी , दादी लोरी सुनाएगी,
बुआ, मासी तो मुझपे जैसे बलिहारी जाएँगी......
बेटी हूँ तो क्या हुआ काम वो कर जाऊँगी ,
सबका नाम रोशन करूंगी, घर का गौरव कहलाऊँगी ,

पर.......................................................................
यह क्या सुन कर मेरा नन्हा ह्रदय  कंपकपाया,
माँ का दिल कठोर हुआ कैसे,एक पिता यह फ़ैसला कैसे कर पाया,
"लड़की "हूँ ना इस लिए जन्म लेने से पहले ही नन्हा फूल मुरझाया ..!!!!!!!!!

june 18 ....2006

****************************************************





देखा है अजब चलन इस समाज का......
बदले है अनेक रूप इस दुनिया के.........
पर "नारी' के अस्तित्व पर आज भी प्रश्न चिन्ह सा पाया है..........
दिया है इसी समाज ने कभी उसको.......
अख़बार के पहले पन्ने पर दिया है उसको सम्मान ,
पर वही पिछले पन्नों पर उसकी इज़्ज़त को उजड़ता पाया है.......
उसने जन्म दिया मर्दो को.........
और उन्होने उस को बाज़ार का रुख़ दिखाया है.................

कही पूजा गया है उसको लक्ष्मी के रूप में........
वही उसको जानवरो से भी कम कीमत में बिकता हुआ पाया है..........
इसी समाज ने दी है उसको कोख में कब्र.........
आज भी देखा है उसको द्रोपदी बनते हुए......
आज भी उसको कई अग्निपरीक्षाओं से गुज़रता हुआ पाया है............



संवारा है अपने हुनर से, अपने हसीन जज़्बातों से......
उसने हर मुकाम को.............
पर फिर भी इस समाज ने उसके हुनर को कम.......
और हुस्न को ज्यादा आजमाया है.........................


**********************************************************


एक छोटी सी कली की इच्छा

मुझे भी आँखो में एक सपना सजाने दो
कल्पना के पंख लगा के मुझे भी कुछ दूर उड़ जाने दो
मुझे भी बनाने दो अपना एक सुनहरा सा जहान
मेरे दिल की कोमलता को मत यूँ रस्मो में बाँध जाने दो
मत छिनो मुझे से मेरा वजूद यूँ कतार रिवाज़ो से
एक अपनी पहचान अब मुझे भी अपनी बनाने दो
छुना  है मुझे भी नभ में चमकते तारो को
एक चमकता सितारा .........
अब मुझे भी इस दुनिया में बन जाने दो !!

*********************************************************************



मैं क्या हूँ ,यह सोचती खुद में डूबी हुई हूँ
मैं हूँ क्या ???
कोई डूबते सूरज की किरण
या आइने में बेबस सी कोई चुप्पी
या माँ की आंखों का कोई आँसू
या बाप के माथे की चिंता की लकीर
बस इस दुनिया के समुंदर में
कांपती हुई सी कोई किश्ती
जो हादसो की धरती पर
खुद की पहचान बनाते बनाते
एक दिन यूँ ही खत्म हो जाती हूँ
चाहे हो पंख मेरे उड़ने के कितने
फिर भी क्यों
कई जगह खुद को बेबस सा पाती हूँ ?
aug 10 2006

Friday, January 25, 2008

आजादी की पूर्व संध्या पर एक सवाल ...

अभी अखबार उठाया तो सामने उसके मेग्जिन सेक्शन मैं कुछ पंक्तियाँ लिखी हुई थी आजादी के ५८ साल और साथ मैं सुभद्रा कुमारी चौहान की कविता थी ....सोच में है दिल की यह सच है या आज का सच क्या है ?

सिहासन हिल उठे राजवंशो ने भाकुटी तानी थी
बूढे भारत मैं भी आई फ़िर से नई जवानी थी
गुमी हुई आजादी की कीमत सबने पहचानी थी
दूर फिरंगो को करने की सबने मन मैं ठानी थी
चमक उठी सन् सत्तावन में वह तलवार पुरानी थी
बुंदेले हर बोलों के मुहं हमने सुनी कहानी थी
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी

पर आज आजादी के इतने साल बाद आज की अजन्मी बेटी हमसे यह सवाल पूछती है ....


जब में आई कोख में माँ तेरी
दिल में एक नयी ज़िंदगी की उमंग थी
बंद आँखो में भी थे ढेर सारे सपने
और नन्हे नन्हे पैरों में उड़ने की ललक थी


तेरा खाया हर निवाला
मुझ तक आ जाता था
पापा का एक हलका सा साया
मेरे लबो पर मुस्कराहट ले आता था

एक दिन अचानक यह क्या हुआ
मेरे अंदर जैसे कोई दर्द का हादसा हुआ
बिखर गयी मैं कई टुकड़ो में
मेरा हर सपना अब फिर से एक सपना हुआ


जाने कब तक यूँ ही जन्म दर जन्म
मैं बस तेरी कोख में सपने सजाउंगी
जानती हूँ जैसे ही कदम रखूँगी तेरे अंदर
इस जहान से वापस फिर मोड़ दी जाऊंगी !!

आख़िर कब तक मेरा देखा सपना ..
यहाँ सच ना हो पाएगा
क्या मेरा जन्म लेना इस दुनिया में
बस एक सपना ही बन के रह जाएगा

बोलो जवाब दो मुझे कोई .... ??????????


विशेष सूचना : यहाँ प्रकाशित आलेख/कविता/कहानी एवं टिप्पणियाँ बिना लेखिका की पूर्व अनुमति के कहीं भी प्रकाशित करना पूर्णतया वर्जित है। © 2006-08 कुछ मेरी कलम से