Voicemails for Isabelle ..
बहनों का प्यार सचमुच अनूठा होता है।
उनकी आपस की बातें, जुड़ाव, हंसी-मज़ाक... वे बहनें ही नहीं, सहेलियां भी होती हैं और हमराज़ भी। हम तीनों बहनें भी जब तक दिन में एक-दूसरे से बात न कर लें, दिन पूरा सा नहीं लगता। कोई हमारी बातें सुने तो कहे कि इसमें क्या बात है, न सिर है न पैर, लेकिन फोन रखते-रखते पता चलता है कि एक घंटा कब निकल गया।
Netflix की Voicemails for Isabelle देखते हुए मुझे बार-बार यही बात याद आती रही। शायद इसी वजह से यह फिल्म मेरे दिल को इतनी गहराई से छू गई, क्योंकि इसमें सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि बहनों के बीच का वह रिश्ता भी है जो समय और दूरी से परे होता है।
कहानी यूं तो बहुत सिंपल सी है, लेकिन मुझे बेहद खूबसूरत लगी। कहानी में एक बहन Jill के वो वॉयसमेल हैं जो वह अपनी बहन Isabelle के लिए छोड़ती है, जो अब इस दुनिया में नहीं है। लेकिन कभी-कभी एक छोटी सी गलती, एक गलत नंबर, किसी की पूरी जिंदगी की दिशा बदल देती है। Isabelle के लिए छोड़े गए ये वॉयसमेल एक अनजान आदमी तक पहुंचते हैं और वहीं से शुरू होती है एक ऐसी कहानी जो सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि यादों, दुख, उम्मीद और हीलिंग की कहानी है।
मुझे सबसे खूबसूरत यह लगा कि फिल्म दिखाती है कि जिन लोगों को हम खो देते हैं, वे हमेशा हमारे साथ नहीं रहते, लेकिन उनकी यादें हमें नए लोगों और नए रिश्तों तक पहुंचा सकती हैं। Jill की जिंदगी में उस अनजान शख्स का आना किसी चमत्कार जैसा नहीं, बल्कि जिंदगी का वह कोमल मोड़ लगता है जो धीरे-धीरे टूटे हुए दिल को फिर से जीना सिखाता है।
मुझे सबसे ज्यादा यह बात पसंद आई कि फिल्म सिर्फ रोमांस पर नहीं टिकी है। बहन को खोने का दर्द, उससे जुड़ी यादें और उन यादों को संभालकर आगे बढ़ने की कोशिश को बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है। कई बार लगा जैसे हम कोई फिल्म नहीं, बल्कि किसी की निजी डायरी के पन्ने पढ़ रहे हों।
हमारी जिंदगी में भी कुछ गाने और कुछ पल ऐसे होते हैं जो हमेशा के लिए साझा हो जाते हैं। उनसे इतनी यादें जुड़ जाती हैं कि उन्हें सुनते ही पूरा अतीत आंखों के सामने आ जाता है। फिल्म का सबसे भावुक हिस्सा मेरे लिए वह था जब एक बहन दूसरी बहन से कहती है, "रेडी हो जाओ, हमारा गाना बजने वाला है।" और फिर दोनों अपनी-अपनी जगह पर एक ही गाने पर डांस करती हैं। यह दृश्य इतना सहज, इतना सच्चा लगा कि दिल को छू गया।
अंत में जब Robyn का Dancing On My Own बजता है तो वह सिर्फ एक गाना नहीं रह जाता, बल्कि पूरी कहानी का हिस्सा बन जाता है। उसमें प्यार भी है, इंतजार भी, खोने का दर्द भी और आगे बढ़ने की उम्मीद भी। फिल्म खत्म हो जाती है, लेकिन उसका एहसास और वह गाना काफी देर तक मन में बना रहता है। मैं तो कल से वही गाना बार-बार सुन रही हूं।
बीच-बीच में कुछ कॉमेडी सीन भी हैं जो चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं, खासकर Jill और उसके शेफ के साथ वाले दृश्य।
मुझे यह फिल्म अच्छी लगी
अगर मेरी लिखी यह पोस्ट आपको अच्छी लगे, तो इस फिल्म को जरूर देखिए। आखिर बहनों का प्यार और जिंदगी में अचानक मिलने वाली खूबसूरत चीजें ही तो जिंदगी को इतना खुशनुमा बनाती हैं। ❤️

No comments:
Post a Comment